अमृतसर में हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार
पुलिस ने 15 आधुनिक पिस्तौलों के साथ किया गिरोह का पर्दाफाश
अमृतसर : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से संचालित एक हथियार तस्करी गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने उनके पास से 15 आधुनिक पिस्तौले बरामद की हैं। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने साझा की।
डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शमशेर सिंह (30), अमनदीप सिंह (23), बलविंदर सिंह (26), गुरदेव सिंह (40), करणप्रीत सिंह (19), हरमन सिंह (19) और एक 17 वर्षीय नाबालिग शामिल हैं। उनके पास से नौ 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौलें और छह .30 बोर पिस्तौलें मिली हैं।
पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में थे आरोपी
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए एक पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े हुए थे और पंजाब में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में सक्रिय थे। उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए जांच जारी है।
गिरोह का भंडाफोड़ कैसे हुआ
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एक नाबालिग, जो पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था, हथियारों की खेपें प्राप्त करता था और उन्हें पंजाब में वितरित करता था। उसे पहले गिरफ्तार किया गया था। नाबालिग से मिली जानकारी के आधार पर शमशेर और अमनदीप को गिरफ्तार किया गया।
तकनीकी और फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर बलविंदर सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।
सोशल मीडिया की भूमिका
सीपी ने बताया कि नाबालिग के मोबाइल की तकनीकी जांच में गुरदेव सिंह की भूमिका भी सामने आई। यह पता चला कि वे एक पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े हुए थे। गुरदेव को करणप्रीत और हरमन के साथ गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से छह ग्लॉक पिस्तौलें और एक .30 बोर पिस्तौल बरामद की गई।
