अमेरिका ने भारत को ईरान के चाबहार बंदरगाह पर प्रतिबंधों से दी राहत
 
                           
                        भारत को मिली बड़ी राहत
नई दिल्ली। अमेरिका ने ईरान पर लगाए गए प्रतिबंधों के संदर्भ में भारत को महत्वपूर्ण राहत प्रदान की है। अमेरिका ने भारत को चाबहार बंदरगाह पर प्रतिबंधों से छह महीने की छूट दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को एक साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बारे में जानकारी साझा की। पहले अमेरिका ने कहा था कि 29 सितंबर से इस बंदरगाह के संचालन, वित्तीय लेन-देन या उससे संबंधित किसी भी गतिविधि में शामिल कंपनियों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
हालांकि, इस छूट को एक महीने बढ़ाकर 27 अक्टूबर कर दिया गया था, जो तीन दिन पहले समाप्त हुई थी। अब अमेरिकी सरकार ने इसे छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। उल्लेखनीय है कि भारत ने 2024 में चाबहार बंदरगाह को 10 साल के लिए लीज पर लिया है, जिसके तहत भारत यहां 120 मिलियन डॉलर का निवेश करेगा और 250 मिलियन डॉलर का सस्ता कर्ज प्रदान करेगा।
इससे पहले अमेरिकी प्रतिबंध भारत के लिए एक बड़ा झटका था, लेकिन अब छह महीने की छूट से भारत को राहत मिली है। चाबहार बंदरगाह भारत को अफगानिस्तान, मध्य एशिया, रूस और यूरोप के साथ सीधे व्यापार करने में सहायता करता है। इस राहत के कारण भारत को अफगानिस्तान या अन्य एशियाई देशों तक सामान भेजने के लिए पाकिस्तान के रास्ते नहीं जाना पड़ेगा। भारत अब ईरान के चाबहार पोर्ट से सीधे अपने माल को अफगानिस्तान और सेंट्रल एशिया भेज सकता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
