अम्बाला रिंग रोड से पंजोखरा साहिब की कनेक्टिविटी में सुधार
रिंग रोड परियोजना से ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
चंडीगढ़- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि अम्बाला में बन रहे रिंग रोड से गांव पंजोखरा साहिब की कनेक्टिविटी में काफी सुधार होगा। इस सुविधा के तहत, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा तीन अंडरपास और लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सर्विस लेन का निर्माण किया जा रहा है।
विज ने अम्बाला छावनी स्थित अपने निवास पर एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक के बाद गांव के निवासियों से बातचीत करते हुए यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि रिंग रोड के दोनों ओर आवागमन को सुगम बनाने के लिए निश्चित दूरी पर तीन अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। अधिकारियों के अनुसार, ये अंडरपास जड़ौत-पंजोखरा साहिब, बसौली-पंजोखरा साहिब और तिसम्बली-पंजोखरा साहिब मार्गों पर बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, गुरुद्वारा साहिब के पास एक सर्विस लेन भी बनाई जा रही है, जो रिंग रोड से सीधे जुड़ी होगी।
ग्रामवासियों ने इस परियोजना के लिए मंत्री अनिल विज का आभार व्यक्त किया और कहा कि अंडरपास और सर्विस लेन के निर्माण से उनका आवागमन सुगम हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि पहले ग्रामीणों ने रिंग रोड तक पहुंच के लिए सर्विस लेन की मांग की थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। यह लगभग 40 किलोमीटर लंबी सिक्स लेन ग्रीनफील्ड रिंग रोड परियोजना अम्बाला शहर और छावनी क्षेत्र में ट्रैफिक जाम को कम करने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। इस परियोजना के तहत एनएच-152, एनएच-344, एनएच-444ए और एनएच-44 को आपस में जोड़ा जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
