आंध्र प्रदेश में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 20 लोगों की मौत
दोपहर में हुआ भीषण विस्फोट
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में एक पटाखा फैक्ट्री में आज दोपहर लगभग 2 बजे एक भयंकर विस्फोट हुआ। इस हादसे में 20 लोगों की जान चली गई और 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि विस्फोट की आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य शुरू किया। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और संबंधित मंत्रियों तथा अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर है।
धान के खेतों में गिरी लाशें
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट इतना तेज था कि शव पास के धान के खेतों में गिर गए। हरे-भरे धान के खेतों के बीच यह दृश्य भयावह था, जब स्थानीय लोग शवों को खाद की बोरियों में लादते हुए देखे गए।
ड्रोन से खोजी जा रही शरीर के हिस्से
पुलिस ने खेतों में बिखरे शरीर के हिस्सों का पता लगाने के लिए ड्रोन का उपयोग किया है। काकीनाडा सरकारी अस्पताल के सुपरिटेंडेंट ने बताया कि अस्पताल में भर्ती घायलों के शरीर 90 से 100 प्रतिशत तक जल चुके हैं और उनका इलाज जारी है।
