आईडीबीआई बैंक में जूनियर असिस्टेंट मैनेजर के लिए 1100 पदों पर भर्ती
आईडीबीआई बैंक में करियर बनाने का सुनहरा अवसर
नई दिल्ली: बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर आया है। इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया (आईडीबीआई बैंक) लिमिटेड ने जूनियर असिस्टेंट मैनेजर के लिए 1100 पदों पर भर्ती की घोषणा की है।
आईडीबीआई बैंक द्वारा जारी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 मार्च से शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 मार्च निर्धारित की गई है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय सीमा के भीतर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
जूनियर असिस्टेंट मैनेजर के 1100 पदों में विभिन्न जोनों के लिए भर्तियाँ की गई हैं। इनमें अहमदाबाद, चंडीगढ़ और चेन्नई के लिए 70-70 पद, बेंगलुरु के लिए 75, भोपाल, कोच्चि और पुणे के लिए 55-55, भुवनेश्वर और नागपुर के लिए 50-50, दिल्ली और मुंबई के लिए 130-130, गुवाहाटी के लिए 35, हैदराबाद के लिए 65, कोलकाता के लिए 60, लखनऊ के लिए 85 और पटना के लिए 45 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित क्षेत्र में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए, जिसमें कम से कम 60 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 मार्च के अनुसार की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। जनरल/ओबीसी/ईडब्लूएस उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1050 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के लिए 250 रुपए है।
आईडीबीआई बैंक द्वारा जारी पद के लिए सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन करने वाले योग्य उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन टेस्ट (ओटी), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (डीवी), पर्सनल इंटरव्यू (पीआई) और प्री रिक्रूटमेंट मेडिकल टेस्ट (पीआरएसटी) के आधार पर किया जाएगा। ऑनलाइन टेस्ट 12 अप्रैल को सुबह की शिफ्ट में आयोजित होने की संभावना है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार को सबसे पहले आईडीबीआई बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर संबंधित पद के लिए आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें। सभी आवश्यक दस्तावेज, फोटो और सिग्नेचर को सही आकार में अपलोड करें। निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म को चेक कर सबमिट करें। अंत में, भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट निकाल लें।
