आम आदमी पार्टी ने SSC GD परीक्षा में धांधली पर भाजपा सरकार को घेरा
लखनऊ में SSC GD परीक्षा विवाद पर आम आदमी पार्टी का बयान
लखनऊ। NEET परीक्षा के विवाद के बाद अब SSC GD परीक्षा में पेपर लीक और कुप्रबंधन के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता वंशराज दुबे ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अव्यवस्थाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की परीक्षा प्रणाली पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है और सरकार भ्रष्टाचार और पेपर माफियाओं के सामने असहाय नजर आ रही है।
वंशराज दुबे ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों में SSC GD परीक्षा से जुड़े गंभीर खुलासे सामने आए हैं। ग्रेटर नोएडा और रांची जैसे स्थानों से ऐसे गिरोहों का खुलासा हुआ है जो अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर परीक्षा पास कराने का दावा कर रहे थे। जांच एजेंसियों ने नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और परीक्षा से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं, और तकनीकी माध्यमों से परीक्षा में धांधली के आरोप भी सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जब देश अभी तक NEET महाघोटाले के घाव से उबर नहीं पाया है, तब SSC GD परीक्षा पर उठे सवाल युवाओं के भरोसे को और तोड़ने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां कई क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है। ऐसे में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्र महीनों की मेहनत और आर्थिक बोझ लेकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें पता चला कि परीक्षा रद्द हो गई है या व्यवस्था ध्वस्त है। यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना है।
वंशराज दुबे ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को मजाक बना दिया गया है। उत्तर प्रदेश में शायद ही कोई परीक्षा हो जिस पर विवाद न हुआ हो। कहीं पेपर लीक हो जाता है, कहीं सर्वर फेलियर का बहाना बनाया जाता है, तो कहीं सेंटर की अव्यवस्था छात्रों के भविष्य को निगल जाती है। उन्होंने SSC GD परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि कई केंद्रों पर क्षमता से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाया गया, जबकि व्यवस्थाएं आधी भी नहीं थीं। छात्रों ने महीनों तक मेहनत की, लेकिन परीक्षा के दिन उन्हें अव्यवस्था और निराशा का सामना करना पड़ा।
आप प्रवक्ता ने लखनऊ, प्रयागराज समेत विभिन्न जनपदों की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि SSC GD परीक्षा के अचानक रद्द होने और अव्यवस्थाओं ने छात्रों के धैर्य की सीमा तोड़ दी है। सबसे दुखद यह है कि हर बार गलती सरकारी व्यवस्था की होती है, लेकिन आर्थिक और मानसिक नुकसान केवल छात्रों को उठाना पड़ता है। जब युवा सड़क पर उतरते हैं, तो सरकार और मीडिया केवल उनका आक्रोश देखते हैं, लेकिन उनके पीछे छिपी बेबसी और बर्बाद होती मेहनत को नहीं देखते।
उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन आज की स्थिति यह है कि रोजगार देने के बजाय युवाओं को बेरोजगारी, पेपर लीक और परीक्षा रद्दीकरण की व्यवस्था दी गई है। आज पेपर लीक और भर्ती घोटाले भाजपा सरकार की स्थायी पहचान बन चुके हैं।
आप प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा कि आम आदमी पार्टी की मांग है कि SSC GD परीक्षा में हुए कुप्रबंधन और धांधली की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड किया जाए। इस भीषण गर्मी में परेशान हुए छात्रों को आने-जाने का पूरा किराया और उचित मुआवजा दिया जाए। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद कर प्रदेश में पारदर्शी और सुदृढ़ परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ेगी और भाजपा सरकार के छात्र विरोधी चेहरे को बेनकाब करती रहेगी।
