आशा भोसले को दिल का दौरा, ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती
ब्रीच कैंडी अस्पताल में चल रहा इलाज
मुंबई: प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले को 11 अप्रैल, शनिवार को दिल का दौरा पड़ा। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इमरजेंसी उपचार चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखरेख कर रही है। आशा भोसले ने 8 सितंबर 2025 को अपना 92वां जन्मदिन मनाया था। हालांकि, दैनिक भास्कर से बातचीत में उनकी बहन उषा मंगेशकर ने कहा कि उन्हें इस घटना के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
लता मंगेशकर के सेक्रेटरी से की शादी
आशा भोसले का संगीत का सफर आसान नहीं रहा। 9 साल की उम्र में उनके पिता का निधन हो गया। 16 साल की उम्र में, उन्होंने अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर के सेक्रेटरी गणपतराव भोसले से भागकर शादी की, जिसके बाद लता ने उनसे संबंध तोड़ लिया।
शादी के बाद, आशा भोसले को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और वे घरेलू हिंसा का शिकार भी बनीं। उन्होंने जीवन से निराश होकर आत्महत्या का विचार भी किया।
14 से अधिक भाषाओं में गाने वाली आशा भोसले
हालांकि, आशा भोसले ने 14 से अधिक भाषाओं में गाने का अद्भुत कार्य किया है और 92 साल की उम्र में भी उनकी आवाज में वही जादू और खनक बनी हुई है। एक समय ऐसा भी था जब उनकी आवाज को खराब बताकर उन्हें रिकॉर्डिंग स्टूडियो से बाहर कर दिया गया था।
ये भी पढ़ें: संजय लीला भंसाली की फिल्म में मधुबाला बनेंगी धुरंधर फेम सारा अर्जुन
