आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में जानलेवा हमला, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी
प्रयागराज जाने के दौरान हमला
नई दिल्ली/प्रयागराज: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए अदालत में अर्जी देने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर एक गंभीर हमला हुआ है। यह घटना रविवार की सुबह उस समय हुई जब वह रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज की यात्रा कर रहे थे।
आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि वह ट्रेन के एच-1 कोच में यात्रा कर रहे थे, तभी फतेहपुर और सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर ने उनकी नाक काटने की कोशिश की, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए।
हमले के बाद, आशुतोष ने खुद को ट्रेन के टॉयलेट में बंद कर अपनी जान बचाई। वह घायल अवस्था में प्रयागराज पहुंचे हैं, लेकिन उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आशुतोष ने इस हमले को एक साजिश के रूप में देखा है और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर शक जताया है। उन्होंने बताया कि वह प्रयागराज जीआरपी में एफआईआर दर्ज कराने के लिए अर्जी दे चुके हैं और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल जाने की योजना बना रहे हैं।
