Newzfatafatlogo

इंग्लैंड ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम की घोषणा की

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। इस टीम में युवा स्पिन गेंदबाज टिली कोर्टीन-कोलमैन को पहली बार शामिल किया गया है। कप्तान नेट साइवर-ब्रंट और उपकप्तान चार्ली डीन के नेतृत्व में टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज में भी भाग लेगी। कोच शार्लेट एडवर्ड्स ने चयन प्रक्रिया को चुनौतीपूर्ण बताया। जानें पूरी टीम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी।
 | 
इंग्लैंड ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम की घोषणा की

महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए इंग्लैंड की टीम

इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने 2026 के टी20 विश्व कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में 18 वर्षीय बाएं हाथ की अनकैप्ड स्पिन गेंदबाज टिली कोर्टीन-कोलमैन को पहली बार शामिल किया गया है।


टिली कोलमैन, सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन के साथ मिलकर इंग्लैंड के स्पिन अटैक को मजबूती देंगी। हाल ही में 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन ने सभी का ध्यान खींचा था, जहां उन्होंने 9 मैचों में 5.75 के इकोनॉमी रेट से 11 विकेट लिए। उन्होंने सदर्न ब्रेव को फाइनल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घरेलू वनडे मैचों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जिसमें उन्होंने 7 पारियों में 10 विकेट लिए हैं।


इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को इस मेगा इवेंट के लिए टीम की घोषणा की। टीम की कप्तानी नेट साइवर-ब्रंट को सौंपी गई है, जबकि चार्ली डीन उपकप्तान होंगी। इस्सी वोंग और लॉरेन फाइलर को भी टीम में शामिल किया गया है, जो अपने करियर का पहला टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगी। उंगली की चोट से उबर रहीं सारा ग्लेन को टीम में नहीं रखा गया है।


टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज में भी भाग लेगी। इंग्लैंड टीम के हेड कोच शार्लेट एडवर्ड्स ने कहा, "हमने अपनी आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान कर दिया है, और इसमें कोई शक नहीं है कि इन 15 नामों तक पहुंचना बहुत मुश्किल रहा है। यह सबसे कठिन चयन मीटिंग थी जिसका मैं हिस्सा रही हूं।"


महिला टी20 विश्व कप में पहली बार इंग्लैंड की कप्तानी कर रहीं साइवर-ब्रंट ने कहा, "अपने परिवार, दोस्तों और सभी समर्थकों के सामने अपने देश में टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को लीड करना बहुत बड़े सम्मान की बात है।" उन्होंने 2009 में विश्व कप जीतने के महत्व को भी याद किया।


टीम में शामिल खिलाड़ी: नेट साइवर-ब्रंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, डैनी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, लिंसी स्मिथ, इस्सी वोंग और डैनी वायट-हॉज।