इंडिगो एयरलाइंस में क्रू मेंबर्स की कमी से 500 फ्लाइट्स रद्द
इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट कैंसिलेशन की समस्या
समाचार : देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो पिछले चार दिनों से क्रू मेंबर्स की कमी का सामना कर रही है। इस कारण शुक्रवार को 500 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। दिल्ली एयरपोर्ट पर इसका सबसे अधिक प्रभाव पड़ा, जहां 225 उड़ानें रद्द की गईं। इंडिगो ने शुक्रवार रात तक दिल्ली से सभी घरेलू उड़ानों को रोकने का निर्णय लिया।

बेंगलुरु में 102, पुणे में 32 और हैदराबाद में 32 उड़ानें रद्द हुईं। अचानक हुई इन कैंसिलेशनों और देरी के कारण हजारों यात्री फंस गए हैं। कई यात्रियों को एयरपोर्ट की सीढ़ियों और कुर्सियों पर रात बितानी पड़ी।
गोवा एयरपोर्ट पर एक महिला यात्री ने बताया कि वह सुबह 5 बजे से इंतजार कर रही थीं, लेकिन जब वह एयरपोर्ट पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि उनकी फ्लाइट रद्द हो गई है। उन्हें कोई सूचना या संदेश भी नहीं मिला। कई शहरों में लोग 24 घंटे से अधिक समय से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फ्लाइट्स कब शुरू होंगी, इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।
इंडिगो ने स्थिति को सुधारने के लिए DGCA से फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन के नियमों में 10 फरवरी 2026 तक छूट मांगी है। कंपनी का कहना है कि अगले तीन महीनों में संचालन सामान्य हो जाएगा।
