इंडिगो एयरलाइन की उड़ानें रद, यात्रियों को हो रही है परेशानी
इंडिगो एयरलाइन की उड़ानों में रुकावट
नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइन इस समय गंभीर ऑपरेशनल समस्याओं का सामना कर रही है। आज लगातार तीसरे दिन, देश के विभिन्न एयरपोर्ट पर कई उड़ानों को रद करने की खबरें आई हैं। इससे पहले मंगलवार और बुधवार को 200 से अधिक उड़ानें रद की गई थीं, जिससे यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की कई उड़ानें दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और अन्य शहरों में प्रभावित हुई हैं। कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आज दिल्ली से उड़ान भरने वाली 30 से अधिक उड़ानों को रद कर दिया गया है। हालांकि, इसके पीछे के कारणों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। हैदराबाद में भी लगभग 33 उड़ानें रद की गईं। मुंबई एयरपोर्ट पर भी कई उड़ानें रद की गईं।
इंडिगो ने आज देशभर में लगभग 170 से अधिक उड़ानों को रद किया है। इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। उल्लेखनीय है कि इंडिगो प्रतिदिन 22,000 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है। पिछले तीन दिनों से लगातार उड़ानों के रद होने के कारण कंपनी ने यात्रियों से माफी मांगी है।
बुधवार को एक आधिकारिक बयान में इंडिगो ने बताया कि तकनीकी समस्याएं, सर्दी के मौसम से संबंधित शेड्यूल में बदलाव, खराब मौसम, एविएशन सिस्टम में भीड़ और उड़ान ड्यूटी समय की सीमाओं के कारण हमारे संचालन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है, जिसके चलते हमें कई उड़ानें रद करनी पड़ीं।
