इंदौर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के दौरान आग से एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत
दर्दनाक हादसा इंदौर में
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार सुबह चार बजे एक भयानक घटना घटी, जिसमें इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग के दौरान आग लगने से एक ही परिवार के सात सदस्यों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, घर में खड़ी EV कार चार्ज हो रही थी, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और गाड़ी में आग लग गई। आग तेजी से फैल गई और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखे गैस सिलेंडर भी फटने लगे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
घर में एक इलेक्ट्रॉनिक लॉकिंग सिस्टम (Electronic Locking System) लगा हुआ था, जिसने स्थिति को और भी भयावह बना दिया। आग लगने के कारण बिजली चली गई, जिससे लोग बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन इसी दौरान लॉकिंग सिस्टम काम करना बंद कर गया। दरवाजे के बंद होने के कारण लोग अंदर ही फंस गए और आग की चपेट में आ गए। इस दुखद घटना में विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22), सुमन (60), मनोज (65), सिमरन (30), राशि सेठिया (12) और टीनू (35) की जान गई। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे में सौरभ पुगलिया, आशीष और हर्षित पुगलिया गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों के साथ-साथ सुरक्षा में हुई चूक की पड़ताल कर रही है।
