ईरान का इज़रायल के हाइफ़ा पर मिसाइल हमला, दो की मौत
ईरान का हाइफ़ा पर हमला
तेल अवीव/तेहरान : ईरान ने इज़रायल के हाइफ़ा शहर पर मिसाइलों से हमला किया, जिसमें दो लोगों की जान चली गई है और दो अन्य लापता हैं। इस हमले के बाद मध्य इज़रायल में हवाई हमले के सायरन लगातार बज रहे हैं।
रविवार को ईरान ने इज़रायल की ओर चार मिसाइलें दागीं। इनमें से एक भारी मिसाइल हाइफ़ा में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग पर गिरी, जिससे इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। जो हिस्सा बचा है, वह भी असंतुलित हो गया है, जिससे गिरने का खतरा बना हुआ है और राहत कार्य में कठिनाई आ रही है।
राहत और बचाव दल पूरी रात काम में जुटे रहे। सोमवार सुबह तक मलबे से दो शव निकाले जा चुके हैं, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं। इज़रायली सेना ने ईरान से और मिसाइल हमलों की आशंका के चलते पूरे मध्य इज़रायल में अलर्ट जारी कर दिया है।
हाइफ़ा उत्तरी इज़रायल का तीसरा सबसे बड़ा शहर है, जो भूमध्य सागर के तट और माउंट कार्मेल की ढलानों पर स्थित है। इसके सामरिक महत्व के कारण यह शहर अक्सर हमलों का निशाना बनता है। यह लेबनान सीमा के निकट होने के कारण हिज़्बुल्लाह के रॉकेटों की मारक सीमा में भी आता है।
अपार्टमेंट पर मिसाइल गिरने के बाद राहत कार्य जारी था, तभी एक और संभावित हमले की चेतावनी दी गई, जिसे बाद में हटा लिया गया। सोमवार सुबह ईरान की ओर से तीन और मिसाइलें दागे जाने की सूचना मिली थी। इनमें से अधिकांश को इज़रायल ने बीच में ही निष्क्रिय कर दिया, जबकि कुछ मिसाइलें खुले क्षेत्रों में गिरीं।
