ईरान में खामेनेई की मौत के बाद बदले की भावना, अमेरिका को दी चेतावनी
ईरान में तनाव बढ़ा
तेहरान - अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के सुप्रीम नेता खामेनेई की मृत्यु के बाद, ईरानी अधिकारियों में प्रतिशोध की भावना उभर आई है। ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारीजानी ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे भी जवाबी कार्रवाई करेंगे।
लारीजानी ने कहा, “अमेरिकियों ने ईरानी लोगों के दिल में छुरा घोंपा है और हम उनके दिल में भी छुरा घोपेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की सेना की प्रतिक्रिया और भी अधिक मजबूत होगी। उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि वे केवल हमला करके नहीं जा सकते।”
अली लारीजानी, जो खामेनेई के करीबी सलाहकार रहे हैं, ने बताया कि जल्द ही राष्ट्रपति और न्यायपालिका के प्रमुख के साथ एक अस्थायी नेतृत्व संरचना बनाई जाएगी। ईरान ने क्षेत्र के नेताओं को आश्वस्त किया है कि वह युद्ध नहीं चाहता, लेकिन मध्य पूर्व में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना जारी रखेगा। उन्होंने कहा, “यह स्पष्ट होना चाहिए कि अमेरिका ईरान को डराने में असफल रहेगा।”
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के पूर्व शीर्ष कमांडर मोशेन रेजाई ने कहा कि किसी भी अमेरिकी युद्धपोत को फारस की खाड़ी में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ईरानी मीडिया ने शनिवार को पुष्टि की कि अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह और आर्म्ड फोर्सेज के चीफ ऑफ स्टाफ की मृत्यु हो गई है।
इससे पहले, ईरान ने आईआरजीसी के नेता मेजर जनरल मोहम्मद पाकपुर और डिफेंस काउंसिल के सेक्रेटरी अली शमखानी की मौत की भी पुष्टि की थी।
