उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2026: प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल जारी
UP बोर्ड परीक्षा 2026 का शेड्यूल
UP बोर्ड परीक्षा 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इंटरमीडिएट प्रैक्टिकल परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। ये परीक्षाएं 24 जनवरी से शुरू होंगी। छात्रों की सुविधा के लिए पूरा कार्यक्रम बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर उपलब्ध है। सभी जिलों में ये परीक्षाएं चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी। पहले चरण की परीक्षाएं 24 जनवरी से 01 फरवरी, 2026 तक होंगी। हालांकि, यूपी टेट परीक्षा के कारण 29 और 30 जनवरी को अवकाश रहेगा।
दूसरा चरण 02 फरवरी से 09 फरवरी 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा। बोर्ड ने जिलावार शेड्यूल भी जारी किया है, जिसमें आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती जैसे जिलों का एक समूह बनाया गया है। वहीं, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और गोरखपुर जैसे जिलों को दूसरे समूह में रखा गया है।
गाइडलाइन जारी की गई
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी प्रधानाचार्यों के लिए गाइडलाइन जारी की है। इसमें CCTV कैमरों से निगरानी रखने और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह रिकॉर्डिंग आवश्यकता पड़ने पर मांगी जा सकती है। गाइडलाइन के अनुसार, हाई स्कूल की प्रैक्टिकल परीक्षाएं स्कूल स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर होंगी।
अंक जोड़ने की प्रक्रिया
हाई स्कूल प्रैक्टिकल परीक्षाओं के अंकों में नैतिक शिक्षा, योग, खेल और शारीरिक शिक्षा के अंक भी शामिल किए जाएंगे। स्कूलों के प्रिंसिपल ऑनलाइन अंक अपलोड करेंगे। इसी तरह, इंटरमीडिएट में भी नैतिक शिक्षा, योग, खेल और शारीरिक शिक्षा के अंक बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन जोड़े जाएंगे। इसके लिए 10 जनवरी, 2026 से पोर्टल खुल जाएगा।
