उत्तर प्रदेश में 8 लाख छात्रों को मार्च में मिलेगी फीस की भरपाई
मार्च में छात्रों को मिलेगी फीस की भरपाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 8 लाख छात्रों को इस महीने में उनकी फीस की भरपाई की जाएगी। इसके लिए समाज कल्याण विभाग आंकड़ों का अंतिम परीक्षण करवा रहा है। एनआईसी से जल्द ही जांच प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कहा गया है। प्रदेश में, जिन छात्रों के परिवारों की सालाना आमदनी ढाई लाख रुपये है, उन्हें छात्रवृत्ति के साथ फीस की भरपाई की जाएगी। यह व्यवस्था अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए है, जिसका भुगतान समाज कल्याण विभाग द्वारा किया जाता है।
अधिकारियों के अनुसार, इस वित्तीय वर्ष में 16 लाख छात्रों को इस योजना का लाभ मिल चुका है, जबकि 8 लाख छात्र अभी भी इस लाभ से वंचित हैं। इन छात्रों के डेटा की भी जांच की जा रही है। मार्च के मध्य तक इन छात्रों के खातों में धनराशि भेजने की योजना है। अधिकारियों का कहना है कि विभाग के पास पर्याप्त बजट है, इसलिए सभी योग्य छात्रों को भुगतान मिलने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति के छात्रों को केंद्र और राज्य दोनों मिलकर भुगतान करते हैं, जिसमें केंद्र का हिस्सा 60 प्रतिशत और राज्य का 40 प्रतिशत होता है। सामान्य वर्ग के छात्रों को राज्य सरकार अपने संसाधनों से भुगतान करती है।
