उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का अलर्ट, तापमान में गिरावट की संभावना
यूपी में मौसम का हाल
लखनऊ। रविवार को उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। पिछले दो दिनों में धूप के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की वृद्धि हुई। हालांकि, यह राहत ज्यादा समय तक नहीं रहने वाली है। सोमवार से मौसम में बदलाव आएगा और पहाड़ों से आने वाली सर्द पछुआ हवाओं के कारण ठंड फिर से बढ़ने की संभावना है। तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ेगी और शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के छह जिलों - गाजियाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और संभल में शीतलहर की चेतावनी दी है। अगले तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की कमी आने का अनुमान है। तराई क्षेत्र के 15 जिलों में घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 23 अन्य जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि सोमवार से विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद हवा का रुख उत्तरी पछुआ हो जाएगा। पश्चिमी यूपी में शीतलहर जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। हालांकि, दिन में धूप से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन शाम और रात में ठंड बढ़ेगी। तराई में सुबह कोहरे का असर देखने को मिलेगा।
घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
कई राज्यों में तापमान 5 डिग्री से कम
पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और राजस्थान सहित कई राज्यों में सुबह का तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम क्षेत्र में 2013 के बाद का सबसे कम तापमान 3.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और असम समेत आठ राज्यों में अगले तीन दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। घना कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रहा। राजस्थान के प्रतापगढ़ में माइनस 2 डिग्री और बाड़मेर में माइनस 1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पंजाब में 1.6 डिग्री के साथ बठिंडा सबसे ठंडा रहा। अमृतसर में भी कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। हरियाणा में 2.2 डिग्री के साथ हिसार सबसे ठंडा रहा। नारनौल में 3 डिग्री, फरीदाबाद में 4.2 और रोहतक में 4 डिग्री तापमान रहा।
