उत्तराखंड में सेना का वाहन खाई में गिरा, दो जवान घायल
चमोली जिले में सड़क हादसा
उत्तराखंड: चमोली जिले में एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई है। गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग पर सेना का एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस घटना में दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें गोपेश्वर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक जवान की स्थिति को देखते हुए उसे सेना के हेलीकॉप्टर से उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार, 16 अप्रैल को हुआ। गोपेश्वर-चोपता मार्ग पर सेना का वाहन लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित किया। इस बीच, स्थानीय युवकों प्रदीप रमोला, राहुल और अजय पंवार ने साहस दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया।
उन्होंने दोनों घायल जवानों को खाई से बाहर निकालकर अपनी निजी गाड़ी से जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया, जिससे उन्हें समय पर चिकित्सा मिल सकी। घायल जवानों में जांबाज सिंह और धवन सिंह शामिल हैं। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि जांबाज सिंह को सिर में हल्की चोट आई है, जबकि धवन सिंह के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और वह बेहोशी की हालत में हैं।
घायल जवानों की जानकारी:
- जांबाज सिंह, पुत्र जय भगवान सिंह (उम्र 29 वर्ष), निवासी- भिवानी, हरियाणा
- धवन सिंह (उम्र 28 वर्ष)
डॉक्टरों ने धवन सिंह की स्थिति को गंभीर मानते हुए उसे तुरंत उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। सेना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल जवान को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा है। जानकारी के अनुसार, धवन सिंह अग्निवीर के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं। दोनों जवान सिग्नल कंपनी, ज्योतिर्मठ में तैनात हैं।
