Newzfatafatlogo

एनसीआर में बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत, येलो अलर्ट जारी

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के निवासियों के लिए मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। 30 और 31 मई को हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जिससे गर्मी में कमी आएगी। अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जानें आगे के मौसम का पूर्वानुमान और तापमान में होने वाले बदलाव के बारे में।
 | 
एनसीआर में बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत, येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

नोएडा: भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के निवासियों के लिए मौसम विभाग ने राहत की सूचना दी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार, 30 और 31 मई को एनसीआर में मौसम सुहावना रहेगा, जिसमें कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।


इन दोनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 30 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान में 'थंडरस्टॉर्म विद रेन' यानी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम वर्षा, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। 31 मई को भी मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह बना रहेगा।


इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन भी दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। हालांकि, जून की शुरुआत के साथ मौसम फिर से गर्म होने लगेगा। 1 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


इस दिन मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 2 जून को तापमान बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 3 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।


4 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम साफ रहने के आसार हैं और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से अगले दो दिनों तक एनसीआर में राहत का दौर जारी रहेगा।


बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि, 1 जून के बाद मौसम के साफ होते ही तापमान में फिर से तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है।