ओडिशा में तेज रफ्तार ट्रेलर से पुलिसकर्मियों की मौत, तीन घायल
दर्दनाक सड़क हादसा
नई दिल्ली। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार की सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में ड्यूटी पर तैनात पांच पुलिसकर्मियों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब एक तेज गति से आ रहा ट्रेलर पुलिस की पीसीआर वाहन से टकरा गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
रविवार सुबह एपीआर जवान काशीराम भोई, देबदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा गश्त पर थे। इसी दौरान झारसुगुड़ा सदर थाने के सामने एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी पीसीआर में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में काशीराम भोई, देबदत्त सा, निरंजन कुजूर, लिंगराज धुरुआ और भक्तबंधु मिर्धा की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि पुलिस वाहन ड्यूटी पर था और ट्रेलर उल्टी दिशा से आ रहा था। टक्कर इतनी भयंकर थी कि पुलिस वाहन के टुकड़े-टुकड़े हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रेलर चालक को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। सभी घायलों को झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे जिले में शोक का माहौल है। शहीद हुए जवानों के प्रति पुलिस विभाग और आम जनता ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
