कफ सिरप मामले में विकास सिंह विक्की की संजय प्रसाद से निकटता की जांच की मांग
मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उठाए सवाल
लखनऊ। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर कफ सिरप मामले में विकास सिंह विक्की की प्रमुख सचिव संजय प्रसाद के साथ कथित निकटता की जांच की मांग की है। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि इस प्रकरण में कई मीडिया रिपोर्ट्स और विश्वसनीय स्रोतों से मिली जानकारी के अनुसार, विकास सिंह विक्की का शुभम जायसवाल, अमित सिंह टाटा और आलोक सिंह को दुबई ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि उन्हें संजय प्रसाद के साथ विकास सिंह विक्की की कुछ तस्वीरें प्राप्त हुई हैं, जिनमें वह उनके साथ करीबी स्थिति में नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विकास सिंह विक्की की संजय प्रसाद और अन्य उच्च पदस्थ अधिकारियों के साथ अच्छी जान-पहचान है।
उन्होंने आगे कहा कि कफ सिरप मामले में विकास सिंह विक्की की भूमिका पहले से ही जांच के दायरे में है, ऐसे में उनके और संजय प्रसाद के साथ की गई तस्वीरें और अन्य अधिकारियों के साथ उनकी निकटता कई गंभीर सवाल उठाती है, जो अलग से जांच का विषय है।
अमिताभ ठाकुर ने अनुरोध किया कि विकास सिंह विक्की की संजय प्रसाद और अन्य अधिकारियों के साथ निकटता की तथ्यों की तुरंत जांच की जाए और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
