कर्नाटक में आईपीएल टिकट विवाद: विधायकों की नाराजगी और फैंस की शिकायतें
आईपीएल टिकटों पर विवाद
आईपीएल टिकटों का विवाद: कर्नाटक में आईपीएल 2026 के मैचों के टिकटों को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के विधायक टिकट न मिलने से असंतुष्ट हैं। इस पर विधानसभा के स्पीकर यूटी खादर ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मैचों के लिए हर विधायक को कम से कम चार VIP टिकट उपलब्ध कराए जाएं।
कर्नाटक के सत्ताधारी दल कांग्रेस और अन्य पार्टियों के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि स्टेडियम का प्रबंधन करने वाली संस्था KSCA ने उनके साथ 'अपमानजनक' व्यवहार किया। विपक्ष के नेता आर. अशोका सहित कई विधायकों ने शिकायत की कि उन्हें केवल एक टिकट दिया गया और मैच के दौरान बैठने की उचित व्यवस्था नहीं की गई। कुछ विधायकों ने स्टेडियम में उनके लिए एक अलग लाउंज की भी मांग की। इस मुद्दे पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा, 'हमने कदम उठाए हैं; KSCA और क्रिकेट बोर्ड जल्द ही इस पर निर्णय लेंगे।'
इससे पहले, कांग्रेस विधायक विजयानंद काशप्पनवर ने कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आरसीबी बनाम एसआरएच मैच का टिकट विधायकों और मंत्रियों को न देने को अपमानित करने वाला बताया। उन्होंने मीडिया से कहा, 'इस महीने की 28 तारीख से आईपीएल मैच शुरू होने वाले हैं। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ विधायकों, मंत्रियों और उनके परिवारों के लिए टिकट उपलब्ध नहीं करा रहा है। देखिए, वे सरकार से सारी सुविधाएं ले रहे हैं। लेकिन वे विधायकों का सम्मान नहीं कर रहे हैं, वे टिकट जारी नहीं कर रहे हैं, बल्कि ऑनलाइन टिकट लेने को कह रहे हैं। क्या हमें सिर्फ़ ऑनलाइन ही पता है? यह सब तो ब्लैक मार्केट का खेल है।'
फैंस की शिकायतें भी सामने आईं
आरसीबी और एसआरएच के बीच मैच के लिए टिकट बुकिंग मंगलवार शाम 4 बजे शुरू हुई थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में सारे टिकट बिक गए। इस पर नाराज कुछ फैंस ने गड़बड़ी का आरोप लगाया है। एक फैन ने कहा कि टिकट बुकिंग शुरू होते ही टिकट सोल्ड आउट दिखने लगे। दूसरे फैन ने कहा कि आरसीबी टिकट सेल खोलने का क्या मतलब जब फैंस के लिए सीट ही नहीं है? वह 4 बजे लॉगिन था, 4:01 पर सेल शुरू हुई और वह टिकट बुक नहीं कर सका।
कुछ ने तो टिकट बुकिंग प्रक्रिया में ही गड़बड़ी का आरोप लगाया। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि वे पेमेंट तक पहुंचे, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हुआ। यही नहीं, कुछ लोगों ने ये आरोप भी लगाया कि बड़ी संख्या में टिकट पहले से VVIP को दे दिए गए। फिलहाल, हम इन दावों की पुष्टि नहीं करते, लेकिन आईपीएल 2026 के ओपनिंग मैच को लेकर फैंस के जबर्दस्त जुनून से इंकार नहीं किया जा सकता।
