कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन: सिद्धारमैया देंगे इस्तीफा, डीके शिवकुमार होंगे उत्तराधिकारी
कर्नाटक की राजनीति में बदलाव
कर्नाटक की राजनीति: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कुछ ही समय में लोकभवन जाकर अपना इस्तीफा देंगे। उन्होंने अपने निवास पर एक बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्यों को अपने इस्तीफे के निर्णय के बारे में सूचित किया। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, सिद्धारमैया दोपहर तीन बजे के आसपास मीडिया से बात कर सकते हैं।
कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री एच के पाटिल ने बताया कि सिद्धारमैया ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के अपने निर्णय के बारे में अवगत करा दिया है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार, डीके शिवकुमार उनके स्थान पर मुख्यमंत्री बनेंगे। इस बीच, सिद्धारमैया ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने का समय मांगा है, लेकिन लोक भवन के सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अभी तक राज्यपाल से मिलने का समय नहीं लिया है।
गौरतलब है कि कर्नाटक में मई 2023 में कांग्रेस की सरकार बनी थी। इस दौरान सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के समर्थकों के बीच अपने-अपने दावों को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही थी। हालांकि, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने सिद्धारमैया के अनुभव पर भरोसा करते हुए उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया, जबकि शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री के पद पर संतोष करना पड़ा। तब यह भी चर्चा थी कि दोनों नेताओं के बीच ढाई-ढाई साल तक मुख्यमंत्री पद पर रहने की सहमति बनी थी।
