कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर केंद्र सरकार को घेरा
कांग्रेस का बड़ा हमला
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को कांग्रेस ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पर केंद्र सरकार को घेरते हुए बड़ा हमला बोला है। सांसद प्रणीति शिंदे ने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा की मंशा स्पष्ट नहीं है। सत्ता की लालच में महिलाओं का इस्तेमाल करने की साजिश की जा रही थी, जिसका कांग्रेस ने पर्दाफाश किया है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करती आई है। भाजपा का झूठ अब जनता के सामने आ चुका है। कांग्रेस ने पहली बार पंचायत में महिला आरक्षण लागू किया, लेकिन भाजपा जल्दबाजी में महिला बिल के नाम पर जनता को धोखा देना चाहती है।
महिला बिल के माध्यम से देश को तोड़ने की साजिश का पर्दाफाश
सांसद प्रणीति शिंदे ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर सार्वजनिक चर्चा चाहती है। भाजपा की प्रलोभन नीति अब उजागर हो चुकी है। महिला बिल के जरिए देश को तोड़ने की साजिश थी, जिसे कांग्रेस ने बेनकाब कर दिया। वहीं, आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि यूपी में 2027 में चुनाव हैं। अगर भाजपा में थोड़ी भी नैतिकता है, तो यूपी विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण का प्रस्ताव पारित करें। कांग्रेस इसका समर्थन करेगी।
बीजेपी को नैतिकता दिखानी चाहिए
सांसद ने एक प्रेस वार्ता में महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की कार्यशैली और प्रतिबद्धता पर गंभीर सवाल उठाए। इस अवसर पर विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने भी अपने विचार साझा किए और महिला आरक्षण जैसे संवेदनशील विषय पर व्यापक राजनीतिक सहमति और पारदर्शी नीति निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। इस मौके पर मनीष हिंदवी, सचिन रावत और अन्य लोग भी उपस्थित थे।
