कुरुक्षेत्र में महिला के साथ ट्रेन में सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
हरियाणा के कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर एक महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में कुल छह लोग शामिल थे। तीसरे आरोपी की पहचान हो चुकी है, जिसमें से एक आरोपी रेलवे का कर्मचारी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, महिला पिछले एक महीने से लापता थी और सोनीपत में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज की गई थी।
महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं
महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह पहले भी घर से लापता हो चुकी है। उसके परिजन लगातार उसकी खोज में लगे हुए थे। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में महिला को पानीपत और सोनीपत रेलवे स्टेशन पर देखा।
आरोपी ने महिला को कोल्ड ड्रिंक पिलाई
महिला कुरुक्षेत्र स्टेशन पर बैठी थी, तभी शिवम नामक आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई और बहला-फुसलाकर स्टेशन पर खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन के डिब्बे में ले गया। सीसीटीवी फुटेज में शिवम को महिला के साथ जाते हुए देखा गया है।
बारी-बारी से दुष्कर्म
कुछ समय बाद रेलवे कर्मचारी भजन लाल भी वहां पहुंचा। उसने पहले डिब्बे का गेट बंद किया और शिवम के बाद महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान गुलाब नामक आरोपी अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और उन्होंने बारी-बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी महिला को ट्रेन में छोड़कर भाग गए
यह घटना 24 और 25 जून की रात के बीच हुई। फुटेज में शिवम महिला को अपने साथ ले जाते हुए दिख रहा है। उस समय रात के 12 और 1 बजे के बीच का समय था। सुबह करीब 5:30 बजे ट्रेन चली और आरोपी ट्रेन से उतर गए, जबकि महिला ट्रेन में ही रह गई।