केदारनाथ और यमुनोत्री में बर्फबारी से श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल
बर्फबारी का अद्भुत नजारा
उत्तराखंड: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी हो रही है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि प्रकृति स्वयं बाबा केदार और मां यमुना का श्रृंगार कर रही है। आसमान से गिरते बर्फ के फाहे देखकर श्रद्धालु खुशी से झूम उठे हैं।
लगातार हो रही बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। केदारनाथ में हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन पूरी मुस्तैदी से व्यवस्थाओं को संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन करवा रहे हैं।
केदारनाथ धाम में हो रही बर्फबारी के बीच दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल का जोश देखते बनता है।
जय बाबा केदार pic.twitter.com/jbJfg4ZACa— Rudraprayag Police Uttarakhand (@RudraprayagPol) May 4, 2026
केदारनाथ धाम में मौसम की कठिन परीक्षा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से कतारबद्ध कर दर्शन करवाया जा रहा है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं और ड्यूटी पर तैनात जवानों का जोश एवं समर्पण साफ नजर आ रहा है।
रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े, बरसाती, जैकेट व आवश्यक दवाइयां जरूर रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि रुद्रप्रयाग पुलिस और जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सरल और सुगम यात्रा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की सलाह दी है। कठिन मौसम, बर्फबारी और चुनौतियों के बावजूद केदारनाथ धाम में आस्था का प्रवाह लगातार जारी है और इसे सुरक्षित बनाए रखने में जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की भूमिका बेहद अहम साबित हो रही है।
