कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं की सूची जारी
कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 की जानकारी
कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026: हिमालय की ऊंचाई पर स्थित पवित्र शिवधाम कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की सूची अब तैयार हो चुकी है। इस बार 1000 यात्रियों का चयन ड्रा के माध्यम से किया गया है। यात्रियों की सूची बनाने के लिए एक निष्पक्ष और कंप्यूटर-जनरेटेड रैंडम प्रक्रिया का उपयोग किया गया है, जिसमें महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी का ध्यान रखा गया है। यह यात्रा जून से अगस्त तक आयोजित की जाएगी, जिसमें श्रद्धालु लिपुलेख और नाथू ला मार्ग से दर्शन करेंगे।
इस वर्ष यात्रा के लिए कुल 20 बैच बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक बैच में 50 यात्री शामिल होंगे। यात्रियों को लिपुलेख दर्रे और नाथू ला दर्रे के माध्यम से यात्रा कराई जाएगी। दोनों मार्ग अब पूरी तरह से मोटरेबल हैं, जिससे यात्रियों को पहले की तुलना में कम पैदल चलना पड़ेगा।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि विभिन्न बैचों और मार्गों से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक यात्रा वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है, ताकि चयनित यात्री अपनी यात्रा की तैयारी समय पर कर सकें।
चयनित यात्रियों को SMS और ईमेल के माध्यम से सूचना भेजी जा चुकी है। इसके अलावा, श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट https://kmy.gov.in पर लॉगिन कर अपने चयन की स्थिति भी देख सकते हैं। मंत्रालय ने यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-23088214 भी जारी किया है, जहां यात्रा से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
