गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा के लिए टोल दरें निर्धारित
सफर होगा आसान, लेकिन जेब पर पड़ेगा असर
सफर होगा आसान पर जेब पर पड़ेगा असर, हल्के वाहनों को 1.28 रुपए तो भारी वाहनों पर लगेगा 8.20 रुपए प्रति किलोमीटर टोल टेक्स
गंगा एक्सप्रेसवे टोल दरें, लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के 12 जिलों से होकर गुजरेगा, जिससे इन जिलों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ेगी और यात्रा सुगम होगी। पीएम मोदी सुबह 11:15 बजे हरदोई पहुंचेंगे और 12:55 बजे वापस लौटेंगे। इस एक्सप्रेसवे के खुलने से यात्रा की सुविधा तो बढ़ेगी, लेकिन वाहन मालिकों को टोल शुल्क चुकाना होगा।
टोल दरें क्या होंगी?
गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वालों के लिए टोल दरें अब तय कर दी गई हैं। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा जारी की गई ये दरें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लागू होंगी। ये दरें प्रति किलोमीटर के हिसाब से निर्धारित की गई हैं। दोपहिया, तिपहिया और ट्रैक्टर चालकों को प्रति किलोमीटर 1.28 रुपये का टोल देना होगा।
कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों के लिए यह दर 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर है। हल्के वाणिज्यिक वाहनों के लिए 4.05 रुपये प्रति किलोमीटर टोल निर्धारित किया गया है। बस और ट्रक जैसे भारी वाहनों के लिए यह दर 8.20 रुपये प्रति किलोमीटर होगी। इसके अलावा, भारी निर्माण मशीनरी और तीन से छह एक्सल वाले मल्टी एक्सल वाहनों के लिए 12.60 रुपये प्रति किलोमीटर शुल्क देना होगा। सात या उससे अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज्ड वाहनों के लिए सबसे अधिक 16.10 रुपये प्रति किलोमीटर टोल निर्धारित किया गया है।
भविष्य में टोल दरों में बदलाव
यूपीडा के अधिकारियों के अनुसार, ये दरें एक्सप्रेसवे के संचालन और रखरखाव के खर्च को ध्यान में रखते हुए तय की गई हैं। भविष्य में महंगाई के अनुसार इन टोल दरों में संशोधन की संभावना भी है। गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी आधारभूत परियोजनाओं में से एक है, जो पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच तेज और सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्रदान करेगा।
अधिक जानकारी के लिए
ये भी पढ़ें : पश्चिमी बंगाल में 142 सीटों पर आज होगी वोटिंग
