गर्मी का कहर: अगले चार दिन देश के कई हिस्सों में लू चलेगी
गर्मी की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, दिन में चलेगी लू, रात का पारा भी जाएगा ऊपर
Weather Update Today: अप्रैल के अंतिम सप्ताह में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों और मध्य भारत में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार गर्म होता जा रहा है। इसी के चलते तापमान में वृद्धि और दिन में लू चलने की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिन उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों और मध्य भारत में भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ेगा। आईएमडी ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में लू के तेज होने की संभावना जताई है। दिल्ली-एनसीआर समेत सभी बड़े शहरों में भी यही स्थिति है। अधिकांश क्षेत्रों में लू चल रही है और सुबह 10 बजे के बाद घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
अगले चार दिन की स्थिति
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिन तक यही स्थिति बनी रहने की संभावना है और लू चलने की प्रबल संभावना है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम हिमालयी क्षेत्रों और पूर्वोत्तर में गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। आईएमडी के ताजा आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में पिछले कई दिनों से लू चल रही है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, असम, अरुणाचल, मणिपुर, कर्नाटक और महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली है।
अल नीनो का प्रभाव
संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि पिछले बार की तरह इस साल भी अल नीनो की मौसमी घटना 2026 के मध्य में फिर से लौटने की संभावना है। जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र की मौसम एवं जलवायु एजेंसी विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) ने कहा है कि आगामी मई से जुलाई के बीच अल नीनो के हालात बनने की पूरी संभावना है और इसके प्रारंभिक संकेत भी दिखने लगे हैं।
