गाजियाबाद में NDRF की आठवीं बटालियन को मिला प्रेसिडेंट कलर, अमित शाह ने की सराहना
NDRF की आठवीं बटालियन को सम्मानित किया गया
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की आठवीं बटालियन को प्रेसिडेंट कलर से सम्मानित किया। यह समारोह गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर में स्थित NDRF की आठवीं बटालियन परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया।
इस समारोह में केंद्रीय गृह सचिव, सूचना ब्यूरो के निदेशक और एनडीआरएफ के महानिदेशक भी शामिल हुए। अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि NDRF को प्रेसिडेंट कलर प्रदान करना केवल उनकी उत्कृष्ट सेवाओं की मान्यता नहीं है, बल्कि यह SDRF, पंचायतों से लेकर राज्य स्तर तक की पूरी मशीनरी, NCC, NSS और हजारों आपदा मित्रों की सेवाओं का राष्ट्रपति द्वारा अनुमोदन है।
दुनिया भर में आपदाओं के समय राहत और बचाव के भरोसे का प्रतीक बनकर उभरे NDRF ने बीते दो दशकों में ‘आपदा सेवा सदैव सर्वत्र’ के ध्येय वाक्य को चरितार्थ किया है।
आज NDRF के गाजियाबाद स्थित 8वीं वाहिनी परिसर में अदम्य साहस, समर्पण और निःस्वार्थ सेवा के प्रतीक NDRF के वीर जवानों को… pic.twitter.com/Q9EcyQULPb
— अमित शाह (@AmitShah) May 14, 2026
NDRF के जवान देश में कहीं भी ‘आपदा सेवा सदैव सर्वत्र’ के मंत्र के साथ कार्य करते हैं। जब भी कोई आपदा आती है या आने की आशंका होती है, एनडीआरएफ की उपस्थिति से लोगों में सुरक्षा का अहसास होता है। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि NDRF ने अपनी स्थापना के 20 वर्षों में बाढ़, भूकंप, चक्रवात और अन्य आपदाओं में उत्कृष्ट कार्य करते हुए देश की 140 करोड़ जनता का विश्वास जीता है। एनडीआरएफ ने अब तक डेढ़ लाख से अधिक लोगों की जान बचाई है और 9 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि एनडीआरएफ को प्रेसिडेंट कलर मिलना NDRF के समस्त बलों के सेवा, साहस, शौर्य और समर्पण के संचित गुणों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण NDMA और एनडीआरएफ ने अपने कार्यकाल में आपदा बचाव के क्षेत्र में भारत को वैश्विक नक्शे पर स्थापित करने का काम किया है। यह हम सभी के लिए गौरव की बात है लेकिन देश के गृहमंत्री के नाते मेरे लिए यह विशेष गौरव का विषय है। अमित शाह ने कहा कि आज 116 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत वाली 6 परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के माध्यम से एनडीआरएफ देश की जनता को किसी भी प्रकार की आपदा से सुरक्षित रखने के लिए और मजबूती से काम कर पाएगी.
