गुजरात में पावगढ़ मंदिर में रोपवे तार टूटने से छह की मौत

दर्दनाक हादसा पावगढ़ शक्ति पीठ में
अहमदाबाद। शनिवार को गुजरात के पंचमहल जिले में एक गंभीर घटना घटी। पावगढ़ शक्ति पीठ में मालवाहक रोपवे की तार अचानक टूटने से छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो लिफ्टमैन, दो श्रमिक और दो अन्य लोग शामिल हैं। यह घटना दोपहर लगभग 3:30 बजे हुई। पंचमहल के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक हरेश दुधात ने इस घटना की पुष्टि की है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं। राहत कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रारंभिक जांच में तार टूटने को हादसे का कारण बताया जा रहा है, जबकि तकनीकी कारणों की गहन जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि खराब मौसम के चलते सुबह से ही आम जनता के लिए रोपवे को बंद कर दिया गया था। पावागढ़ पहाड़ी चंपानेर से तीन चरणों में जुड़ी हुई है, जिसकी ऊंचाई 1471 फीट है। पहाड़ी की चोटी पर देवी काली का एक बड़ा मंदिर स्थित है, जहां हर साल लगभग 25 लाख पर्यटक आते हैं।