गुरदासपुर-पठानकोट हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 2 छात्रों की मौत
गुरदासपुर-पठानकोट एनएच पर सड़क दुर्घटना
गुरदासपुर/पठानकोट : आज सुबह गुरदासपुर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर धारीवाल के पास कलेर खुर्द में एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। अमृतसर से जम्मू की ओर जा रही एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
बस के पलटने के बाद उसके पीछे चल रही 3 से 4 गाड़ियां भी आपस में टकरा गईं। इस हादसे में 2 कॉलेज छात्रों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस टूरिस्ट बस में अधिकांश सवारियां कॉलेज के छात्र थे, जो अमृतसर के ग्लोबल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। परीक्षाओं के समाप्त होने और छुट्टियों की शुरुआत के कारण सभी छात्र खुशी-खुशी अपने घर जम्मू लौट रहे थे। किसी को यह नहीं पता था कि यह यात्रा उनके जीवन की अंतिम यात्रा बन जाएगी।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
