गेल (इंडिया) लिमिटेड को मिला ‘प्रोप्राइटरी मेंबर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार
गेल को मिला प्रतिष्ठित पुरस्कार
नई दिल्ली: गेल (इंडिया) लिमिटेड को इंडियन गैस एक्सचेंज (आईजीएक्स) द्वारा आयोजित ऊर्जा संवाद 2026 में ‘प्रोप्राइटरी मेंबर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली में आयोजित हुआ। गेल की ओर से यह पुरस्कार श्री सुमित किशोर, कार्यकारी निदेशक (गैस विपणन) ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के सदस्य श्री ए.के. तिवारी से प्राप्त किया।
गेल को यह पुरस्कार भारत में गैस व्यापार प्रणाली को सशक्त बनाने और बाजार आधारित गैस खरीद व्यवस्था को बढ़ावा देने में उसके निरंतर योगदान के लिए दिया गया। कार्यक्रम के दौरान, पारदर्शी, प्रभावी और मजबूत गैस बाजार के विकास में गेल की महत्वपूर्ण भूमिका की भी सराहना की गई।
इस वार्षिक कार्यक्रम में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, नीति निर्माता और ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल हुए। इस मंच पर भारत को एक प्रमुख गैस व्यापार केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए आवश्यक रणनीतियों और उपायों पर चर्चा की गई।
गेल (इंडिया) लिमिटेड एक महारत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम है और देश की प्रमुख प्राकृतिक गैस परिवहन एवं वितरण कंपनी है। कंपनी के पास गैस पाइपलाइन नेटवर्क, गैस प्रसंस्करण और पेट्रो रसायन संयंत्र हैं। इसके अलावा, गेल अपस्ट्रीम तेल एवं गैस क्षेत्रों और द्रवीकृत प्राकृतिक गैस पुनर्गैसीकरण टर्मिनलों में भी सक्रिय है। गेल प्राकृतिक गैस, पेट्रो रसायन और नवीकरणीय ऊर्जा के माध्यम से देश की ऊर्जा संरचना को मजबूत बनाने और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
