गोपाल खेमका हत्या मामले में मास्टरमाइंड अशोक साव की गिरफ्तारी

गोपाल खेमका हत्या मामले में गिरफ्तारी
पटना पुलिस ने किया अशोक साव को गिरफ्तार: व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता अशोक साव को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साव ने शूटर उमेश यादव को खेमका की हत्या के लिए सुपारी दी थी। हत्या के बाद उमेश सीधे अशोक साव के फ्लैट पर ठहरा था। शूटर की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आ रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उमेश यादव के अशोक साव के फ्लैट पर रुकने के बाद पुलिस को साव पर संदेह हुआ। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने पुख्ता सबूत और लोकेशन के आधार पर साव को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला है कि अशोक साव ने अपने व्यवसायिक प्रतिद्वंद्वी गोपाल खेमका को खत्म करने की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने कॉन्ट्रेक्ट किलर उमेश यादव को 10 लाख रुपये में सुपारी दी थी, जिसमें से एक लाख रुपये का भुगतान पहले ही किया जा चुका था। सोमवार को गिरफ्तार किए गए शूटर उमेश के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक, पिस्टल, 80 कारतूस, दो मोबाइल फोन और ₹1 लाख नकद बरामद किया है।
हत्या की साजिश में उमेश यादव को हथियार मुहैया कराने वाले विकास उर्फ राजा को पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया है। उल्लेखनीय है कि गोपाल खेमका की हत्या के मामले में पुलिस ने शूटर उमेश और कारोबारी अशोक साव सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में आज शाम तक पुलिस एक बड़ा खुलासा कर सकती है। माना जा रहा है कि खेमका की हत्या के पीछे गहरी व्यावसायिक रंजिश थी, जिसके चलते अशोक साव ने उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई।