गौतम अडाणी का संदेश: संकट के बादल छंट गए, हमारी प्रतिबद्धता मजबूत है

अडाणी ग्रुप के चेयरमैन का संदेश
हिंडनबर्ग द्वारा लगाए गए आरोपों पर भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से क्लीन चिट मिलने के बाद, अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने अपने कर्मचारियों के लिए एक संदेश जारी किया है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, 'आज, दो साल से अधिक समय से हमारे ऊपर मंडरा रहा संकट का बादल अब समाप्त हो गया है। SEBI की विस्तृत जांच ने जनवरी 2023 की हिंडनबर्ग रिपोर्ट में उठाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।'
अमेरिकी निवेश फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने जनवरी 2023 में अडाणी समूह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके कारण समूह के शेयरों में गिरावट आई और कई निवेशकों को नुकसान हुआ। अडाणी ने इसे 'टारगेटेड हमला' बताते हुए अपने कर्मचारियों की प्रतिबद्धता की सराहना की।
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में समूह पर अकाउंटिंग अनियमितताओं, स्टॉक मूल्य में हेरफेर और अन्य आरोप लगाए गए थे, जिससे अडाणी की कंपनियों में निवेशकों को नुकसान हुआ।
गौतम अडाणी ने कहा कि इस कठिन दौर में भी समूह के बंदरगाह, बिजली संयंत्र, हवाई अड्डे, सीमेंट और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं आगे बढ़ती रहीं। उन्होंने कहा, 'आपने साबित कर दिया कि दबाव में काम करना असली परीक्षा होती है और अडाणी का चरित्र अटूट है।'
भविष्य की प्राथमिकताओं पर चर्चा करते हुए, अडाणी ने ईमानदारी और पारदर्शिता को समूह की नींव बताया। उन्होंने ऊर्जा, लॉजिस्टिक और बुनियादी ढांचे में तेज नवाचार, दीर्घकालिक मूल्य निर्माण और परिवर्तन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, 'हमें आज की प्रशंसा के लिए नहीं, बल्कि आने वाले दशकों की विरासत के लिए निर्माण करना है।' उन्होंने कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए इसे अग्निपरीक्षा बताया और कहा कि हर संकट बुनियाद को मजबूत करता है।
गौतम अडाणी ने कहा कि पिछले तीन वर्षों को कर्मचारी एक चिंगारी के रूप में याद रखें जो बड़े अडाणी समूह का निर्माण करें। उन्होंने अंत में कहा, 'हमारी कहानी साहस, संकल्प और मातृभूमि भारत से किए गए वादे की गवाही बने। सत्यमेव जयते, जय हिंद।'