ग्वालियर में महिला ने जेठों पर गैंगरेप का आरोप लगाया

ग्वालियर में दर्दनाक घटना
मध्य प्रदेश समाचार: ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 25 वर्षीय महिला ने अपने दो जेठों पर बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसे अपनी 10 महीने की बेटी की हत्या की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया। महिला ने बताया कि उसका पति लंबे समय से बीमार है और इलाज के लिए अक्सर जावरा (रतलाम) के हुसैन टेकरी शरीफ जाता है। इसी दौरान, दोनों जेठ कमरे में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म करते थे। जब उसने विरोध किया, तो उन्हें धमकी दी गई कि वे उसकी बेटी की जान ले लेंगे। पीड़िता ने कहा, 'वे कहते थे कि किसी ने बताया है कि ऐसा करने से तुम्हारा पति जल्दी ठीक हो जाएगा.'
पति पर भी गंभीर आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि जब उसका पति इलाज के लिए जावरा गया था, तब रात करीब 1 बजे मंझला जेठ कमरे में आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध किया, तो उसने पास सो रही 10 महीने की बच्ची की हत्या की धमकी दी। उसके बाद बड़ा जेठ भी कमरे में आया और उसने भी दुष्कर्म किया। महिला ने कहा कि कमरे का दरवाजा बंद नहीं था क्योंकि सामने कूलर रखा था, जिससे दोनों आरोपी अंदर आ गए।
पंचायत से लेकर पुलिस तक पहुंची बात
जब महिला ने अपने पति को पूरी घटना बताई, तो उसने पत्नी पर विश्वास करने के बजाय उसे पीटा। पीड़िता के अनुसार, 'पति ने कहा कि मैं ठीक हो रहा हूं, तो तुम्हें क्या दिक्कत है?' बाद में परिवार ने बाजार वाले घर में शिफ्ट कर दिया, लेकिन वहां भी जब पति घर पर नहीं होते थे, तो दोनों जेठ आते और दुष्कर्म करते रहे। मजबूरी में महिला अपने मायके आ गई।
जब मायके वालों को इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने समाज और परिवार के बीच पंचायत बुलाई। लेकिन ससुराल पक्ष की ओर से कोई नहीं आया। इसके बाद महिला ने अपने परिवार के साथ ग्वालियर महिला थाने जाकर केस दर्ज कराया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने आरोपों को झूठा बताया है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।