चंडीगढ़ में कृषि जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन, 50 किसानों को मिले 10 करोड़ के ऋण
कृषि जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन
चंडीगढ़: आज चंडीगढ़ मंडल ने गाँव गढ़ी कोटाहा, रायपुर रानी, जिला पंचकूला में एक कृषि जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक श्री फिरोज हसनैन ने की। मुख्य अतिथि के रूप में श्री सुनील कुमार कौशिक, महाप्रबंधक नाबार्ड हरियाणा उपस्थित थे। इस अवसर पर चंडीगढ़ अंचल प्रबंधक श्री आशीष चतुर्वेदी और मंडल प्रमुख श्री संजीव कुमार झा भी विशेष रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम में 100 से अधिक ग्राहकों ने भाग लिया।
मुख्य महाप्रबंधक श्री फिरोज हसनैन ने ग्राहकों को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों और रोजगार के अवसरों के लिए नई योजनाएं लेकर आ रहा है। इस कृषि आउटरीच कार्यक्रम का उद्देश्य बैंक की लाभकारी योजनाओं को किसानों तक पहुंचाना है ताकि हर किसान और गाँव खुशहाल हो सके।
मुख्य अतिथि श्री सुनील कुमार कौशिक ने ग्राहकों को ऋण के माध्यम से अपने व्यवसाय को बढ़ाने और समय पर ऋण चुकाने के महत्व पर जोर दिया। चंडीगढ़ अंचल प्रबंधक श्री आशीष चतुर्वेदी ने ग्राहकों को सर्वोत्तम बैंकिंग सेवाओं का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम में 50 ग्राहकों को लगभग ₹10 करोड़ के ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही, पौधा रोपण का कार्य भी किया गया।
