चंडीगढ़ में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, ड्रग ओवरडोज की आशंका
चंडीगढ़ में शव मिलने की घटना
चंडीगढ़- चंडीगढ़ के सेक्टर-38 के जंगल क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मनीष कश्यप के रूप में हुई है, जो एक इलेक्ट्रिशियन था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह मामला ड्रग ओवरडोज से संबंधित हो सकता है, लेकिन मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।
परिवार के अनुसार, मनीष शनिवार को शेव करवाने के लिए घर से निकला था। रविवार को उसकी शादी की बातचीत के लिए परिवार को एक लड़की देखने जाना था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिवार ने उसे फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश की। रविवार सुबह, कुछ बच्चे टॉयलेट के लिए जंगल क्षेत्र में गए थे, जहां उन्होंने युवक के शव को देखा। शव से बदबू आ रही थी, जिससे यह अनुमान लगाया गया कि उसकी मौत कई घंटे पहले हो चुकी थी। बच्चों ने घबराकर आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, युवक घर से 7 से 8 हजार रुपये लेकर निकला था, लेकिन मौके पर कोई रकम नहीं मिली। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
