चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म: आरोपी गिरफ्तार
दिल दहला देने वाली घटना
नई दिल्ली। एक युवक ने चॉकलेट का लालच देकर चार साल की एक मासूम के साथ घिनौनी हरकत की। आरोपी ने पहले बच्ची को उसके घर से उठाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बच्ची को चिकित्सा के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
यह घटना असम के कछार जिले से सामने आई है, जहां चार मार्च की शाम एक युवक पड़ोसी के घर गया। उस समय घर में कोई नहीं था और बच्ची अकेले खेल रही थी। आरोपी ने इस मौके का फायदा उठाते हुए बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर गोद में उठाया और अपने घर ले गया। वहां उसने कथित तौर पर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद, आरोपी ने बच्ची को चाय बागान के पास छोड़ दिया और खुद भाग गया। जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात आठ बजे के करीब बच्ची को परिजनों ने खोज निकाला। मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया और बच्ची का बयान दर्ज करने के साथ उसकी मेडिकल जांच भी कराई।
