चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण के तीसरे चरण की घोषणा की
चुनाव आयोग का नया कदम
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने गुरुवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तीसरे चरण की शुरुआत की घोषणा की है। इस प्रक्रिया के तहत देश के 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जाएगा। आयोग ने बताया कि, जनगणना के तहत चल रही गृह सूचीकरण प्रक्रिया के साथ साझा जमीनी तंत्र को ध्यान में रखते हुए एसआईआर का यह चरण शुरू किया जाएगा।
इस चरण में 3.94 लाख से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारी 36.73 करोड़ मतदाताओं के घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे। तीसरे चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पंजाब, ओडिशा, झारखंड, दिल्ली सहित कुल 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया गया है। आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि चुनावी प्रक्रिया में विश्वास और मजबूती लाई जा सके। एसआईआर का यह चरण मई 2026 से शुरू होकर दिसंबर 2026 तक चलेगा। विभिन्न राज्यों में अंतिम मतदाता सूची सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच प्रकाशित की जाएगी।
चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि एसआईआर का तीसरा चरण पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर पूरा देश इसमें शामिल हो जाएगा। आयोग के अनुसार, इन क्षेत्रों में मतदाता सूची के कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी, जिसमें बर्फ से ढके क्षेत्रों में मौसम की स्थिति को ध्यान में रखा जाएगा।
