छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में एक जवान शहीद, तीन घायल

बीजापुर में नक्सली विरोधी अभियान
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक आईईडी विस्फोट की घटना सामने आई है। इस हमले में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप) के जवान दिनेश नाग शहीद हो गए, जबकि तीन अन्य जवान घायल हुए हैं।
यह घटना सोमवार सुबह हुई, जब डीआरजी की टीम ने रविवार को शुरू हुए सर्च ऑपरेशन के तहत इलाके की घेराबंदी कर तलाशी ले रही थी। अचानक हुए विस्फोट से जवानों में अफरातफरी मच गई। घायल जवानों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल जवानों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए इवैक्यूएट किया जा रहा है।
इससे पहले, 12 अगस्त को गंगालूर क्षेत्र में माओवादी विरोधी अभियान के दौरान दो डीआरजी जवान घायल हुए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेजा गया था।
7 अगस्त को बीजापुर में सुरक्षाबलों को नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली थी, जब 24 लाख रुपए के इनाम के साथ 9 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। इसके अलावा, एक माओवादी को मुठभेड़ में मार गिराया गया था। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस जानकारी को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किया था।
दिसंबर 2023 से अब तक राज्य में लगभग 450 माओवादी मारे जा चुके हैं, जबकि 1,500 से अधिक माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है और इसी संख्या में माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य रखा है और नक्सलियों से अपील की है कि वे मोदी सरकार की आत्मसमर्पण नीति को अपनाएं।