जंगली हाथियों के हमले से बढ़ी चिंता, एक रात में 7 लोगों की मौत
पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों का आतंक
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों के हमले लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। 6 जनवरी की रात नोवामुंडी प्रखंड के जेटेया थाना क्षेत्र के बाबरिया गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में पति-पत्नी, उनके दो छोटे बच्चे और एक अन्य परिवार का सदस्य शामिल है। इस हमले में एक बच्चा किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
मृतकों की पहचान और घटनाएं
मृतकों की पहचान बाबरिया गांव के निवासी सनातन मेराल, उनकी पत्नी जोंकों कुई, उनके दो बच्चे और मोगदा लागुरी के रूप में हुई है। बताया गया कि सभी लोग अपने घर में सो रहे थे, तभी हाथी ने अचानक घर पर हमला कर दिया। हाथी का आतंक यहीं नहीं रुका, पासीया गांव में भी एक ग्रामीण की जान गई, जबकि लांपाईसाई गांव में एक अन्य व्यक्ति को हाथी ने रौंद दिया। इन दोनों मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
प्रशासन की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हाथियों की निगरानी की जा रही है और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के साथ-साथ सुरक्षा उपायों की बात की जा रही है।
अन्य घटनाएं
इससे पहले टोंटो प्रखंड के बांडीझारी गांव में 35 वर्षीय मंगल सिंह हेंब्रम की हाथी के हमले में मौत हो गई थी। उसी रात बिरसिंहहातु गांव के कुचुबासा टोली निवासी 55 वर्षीय उर्दूप बहंदा की भी जान चली गई। सदर प्रखंड के रोरो गांव में 57 वर्षीय विष्णु सुंडी की भी हाथी के हमले में मौत हुई। इन घटनाओं में बिरसिंहहातु गांव की मानी कुंटिया और सुखमति बहंदा गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
हाथियों के हमले का बढ़ता खतरा
गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सायतवा गांव में हाथी ने 13 वर्षीय रेंगा कयोम को कुचलकर मार डाला। चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के बाईपी गांव में नंदू गागराई की 10 वर्षीय पुत्री ढिंगी गागराई को हाथी ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। चार जनवरी को गोइलकेरा प्रखंड के संतरा वन क्षेत्र में एक दंतैल हाथी ने 47 वर्षीय महिला को कुचलकर मार डाला। इस हमले में महिला के पति और 10 वर्षीय पुत्र भी घायल हो गए।
ग्रामीणों में भय का माहौल
सोमवार की सुबह गोइलकेरा के संतरा वन क्षेत्र में हाथी के हमले में 50 वर्षीय जोंगा लागुरी की मौत हो गई। इसी क्रम में दंतैल हाथी ने गोइलकेरा के सोवा गांव में हमला कर कुंदरा बाहदा और उनके बच्चों की जान ले ली। इसके बाद हाथी ने टोंटो प्रखंड के कुईलसूता गांव में 21 वर्षीय जगमोहन सवईया को भी मार डाला। इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीण हाथियों के आतंक से दहशत में हैं। वन विभाग द्वारा हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने और ग्रामीणों की सुरक्षा के प्रयास किए जा रहे हैं।
