जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन

सत्यपाल मलिक का निधन
नई दिल्ली - भारत के जाने-माने राजनेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक का निधन मंगलवार को हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की सूचना उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई, जिसमें लिखा गया, 'पूर्व गवर्नर चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक अब हमारे बीच नहीं रहे।'
सूत्रों के अनुसार, सत्यपाल मलिक पिछले कुछ महीनों से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। आरएलएम अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन सभी प्रयासों के बावजूद, मंगलवार को उनका निधन हो गया। चौधरी मलिक ने मेघालय, गोवा, बिहार और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में राज्यपाल के रूप में कार्य किया। वे जम्मू-कश्मीर के अंतिम पूर्णकालिक राज्यपाल रहे और अपने स्पष्ट विचारों के लिए जाने जाते थे।
सत्यपाल मलिक के निधन की खबर सुनते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। कई प्रमुख नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए 'एक्स' पर लिखा, 'पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ जननेता सत्यपाल मलिक का निधन अत्यंत दुःखद है। वे हमेशा जनहित की बात निर्भीकता से रखते रहे। जननायक जनता पार्टी उनकी बेबाक राजनीति, किसान हितैषी सोच और सार्वजनिक जीवन में सादगी को सादर नमन करती है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।'