जम्मू-कश्मीर में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी

किश्तवाड़ में मुठभेड़ की जानकारी
जम्मू: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दुल क्षेत्र में रविवार सुबह भारतीय सेना और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस समय भारतीय सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। भारतीय सेना के वाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया, "एक खुफिया सूचना के आधार पर, सतर्क भारतीय सेना के जवानों का सामना 10 अगस्त 2025 की सुबह किश्तवाड़ के दुल इलाके में आतंकवादियों से हुआ, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हुई। अभियान अभी भी चल रहा है।"
गौरतलब है कि घाटी में भारतीय सेना पूरी तरह से सतर्क है। इससे पहले, शुक्रवार रात को कुलगाम जिले के अखल देवसर वन क्षेत्र में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान ने अपने 10वें दिन में प्रवेश किया। इस दौरान एक स्थानीय नागरिक की मौत हो गई। इस ऑपरेशन में सेना के दो जवान शहीद हुए और चार अन्य घायल हुए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
सेना के एक प्रवक्ता ने शनिवार को कहा, "दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के अखल वन क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी शुक्रवार रात भर जारी रही, जिसमें दो सैन्यकर्मी शहीद हो गए।" शुक्रवार रात को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई भीषण गोलीबारी में चार जवान घायल हुए थे, जिनमें से दो की मौत हो गई। शहीद सैनिकों की पहचान 19 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के कांस्टेबल हरमिंदर सिंह और लांस नायक प्रीतपाल सिंह के रूप में हुई है।
चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "चिनार कोर अपने वीर सैनिकों, लांस नायक प्रीतपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह के सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देता है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण दिए। उनका साहस और समर्पण हमें हमेशा प्रेरित करेगा। भारतीय सेना गहरी संवेदना व्यक्त करती है और शोकग्रस्त परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ी है।"