जयपुर में भयानक सड़क हादसा: दूल्हा-दुल्हन समेत 5 की मौत

जयपुर में सड़क दुर्घटना
जयपुर सड़क दुर्घटना: बुधवार सुबह, जयपुर के जमवारामगढ़ क्षेत्र में एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें कई लोगों की जान गई। भटकाबास गांव के निकट एक तेज रफ्तार कैंटर और सवारी जीप की आमने-सामने टक्कर में 5 व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों में दूल्हा और दुल्हन भी शामिल हैं। यह हादसा इतना भयानक था कि जीप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग फंस गए।
जानकारी के अनुसार, सवारी गाड़ी में सवार लोग मध्य प्रदेश से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। तभी दौसा से मनोहरपुर की ओर जा रही जीप की भटकाबास गांव के पास कैंटर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
6 बाराती गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में दूल्हा-दुल्हन सहित 5 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 6 अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी नीम्स अस्पताल भेजा गया। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रायसर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और हाईवे पर जाम को हटाकर यातायात को बहाल किया गया। पुलिस ने बताया कि, 'हादसा इतना भयानक था कि जीप में सवार लोगों को निकालने में काफी मेहनत करनी पड़ी।'
परिजनों को सूचित किया जा रहा है
पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी में भेज दिया है और शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, परिजनों को सूचित किया जा रहा है। पुलिस ने कहा, 'हम मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और दुर्घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है।'