जापान एयरलाइंस का विमान 10 मिनट में 26,000 फीट नीचे गिरा

चीन से जापान की उड़ान में बड़ा हादसा
नई दिल्ली: चीन के शंघाई से जापान के टोक्यो के लिए उड़ान भरने वाली जापान एयरलाइंस की एक फ्लाइट सोमवार को एक गंभीर दुर्घटना से बच गई। उड़ान के दौरान बोइंग 737 विमान अचानक संतुलन खो बैठा और केवल 10 मिनट में 26,000 फीट नीचे गिर गया। इस खतरनाक स्थिति में विमान में सवार 191 यात्रियों की धड़कनें थम गईं।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, विमान 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था, जब अचानक उसमें तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई और वह तेजी से नीचे गिरने लगा। 10,500 फीट की ऊंचाई पर, पायलट ने सूझबूझ से विमान पर नियंत्रण पाया और उसे ओसाका के कनसाई एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करवाई।
इस घटना के दौरान विमान में अफरा-तफरी मच गई। क्रू मेंबर्स ने यात्रियों को ऑक्सीजन मास्क पहनने के लिए कहा, लेकिन घबराहट में कई यात्रियों ने मास्क उतार दिए। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपने डरावने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि 'शरीर तो यहां है, लेकिन मन अब भी वहीं अटका है। ऐसा लगा जैसे जीवन समाप्त होने वाला है।'
सभी यात्री सुरक्षित, जांच जारी
इस हादसे में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ। सभी यात्रियों को सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। उन्हें एक रात के ठहरने की व्यवस्था की गई और 15,000 येन (लगभग 104 डॉलर) का मुआवजा दिया गया। विमान हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
बोइंग 737 पर उठे सवाल
यह ध्यान देने योग्य है कि इससे पहले भी बोइंग 737 दो बार बड़े हादसों का शिकार हो चुका है। पिछले वर्ष दक्षिण कोरिया के मुआन में इस मॉडल का विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 179 यात्री सवार थे। वहीं, 2022 में चीन में 132 यात्रियों को ले जा रहा बोइंग 737 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।