जालंधर में अवैध हथियारों के तस्करों की गिरफ्तारी
पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का किया पर्दाफाश
पुलिस ने अंतर-राज्यीय अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का किया भंडाफोड़
जालंधर में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) ने उत्तर प्रदेश के दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल थे। उनके पास से 10 देसी पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद की गई हैं। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलेश कुमार उर्फ सौरव कुमार उर्फ नन्नू और अमित चाहर के रूप में हुई है।
आरोपियों का संबंध बीकेआई से है
यह गिरफ्तारी बीकेआई के दो सदस्यों सुखविंदर उर्फ सन्नी और रावल की गिरफ्तारी के एक महीने बाद हुई है, जो विदेशी हैंडलर जस्सी कुलम के निर्देश पर ग्रेनेड और आईईडी खरीदने के आरोप में पकड़े गए थे। बाद में इसी आईईडी का उपयोग हिमाचल प्रदेश में एक विस्फोट में किया गया था।
डीजीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को मथुरा से गिरफ्तार किया गया। दलेश कुमार की कार से पांच पिस्तौल और 10 मैगजीन मिलीं। उसके खुलासे पर मथुरा-पलवल हाईवे से और पांच पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद की गईं। इस प्रकार कुल 10 पिस्तौल और 20 मैगजीन जब्त की गईं।
विदेशी अपराधियों के इशारे पर करते थे काम
डीजीपी ने कहा कि ये आरोपी जर्मनी और अमेरिका में सक्रिय विदेशी अपराधियों के निर्देश पर काम कर रहे थे, जो पंजाब में आपराधिक गिरोहों को हथियारों की आपूर्ति करते थे। इसके अलावा, उन्होंने गढ़शंकर में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर फिरौती के लिए फायरिंग की घटना में भी भाग लिया था।
