जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज पर PCB ने लगाया 2 साल का बैन
ब्लेसिंग मुजरबानी पर कार्रवाई
IPL2026: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी पर 2 साल का बैन लगाने का निर्णय लिया है। यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि मुजरबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के साथ करार होने के बावजूद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने का विकल्प चुना। उन्हें इस्लामाबाद यूनाइटेड द्वारा रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया था, लेकिन जब उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स से IPL में खेलने का प्रस्ताव मिला, तो उन्होंने PSL से अपना नाम वापस ले लिया। PCB ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट में पारदर्शिता और पेशेवरिता अत्यंत आवश्यक है। पहले से किए गए करारों का उल्लंघन करना नियमों के खिलाफ है, और ऐसे मामलों को नजरअंदाज करने से फ्रेंचाइजी और अन्य हितधारकों का विश्वास कमजोर होता है।
IPL में मुजरबानी का प्रदर्शन
मुजरबानी ने IPL में अब तक 2 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। इससे पहले, उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में भी अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था। मुजरबानी पहले खिलाड़ी नहीं हैं, जिन पर करार तोड़ने के कारण कार्रवाई की गई है। पिछले साल, साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी कॉर्बिन बॉश ने PSL में पेशावर जालमी के साथ समझौता किया था, लेकिन बाद में वह IPL में मुंबई इंडियंस से जुड़ गए, जिसके चलते उन्हें एक सीजन के लिए बैन किया गया और हर्जाना भी भरना पड़ा।
केकेआर में शामिल होने का मौका
मुजरबानी को कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की जगह टीम में शामिल किया था, जिन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के निर्देश पर रिलीज किया गया था। इसी तरह, श्रीलंका के कुसल मेंडिस और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल ओवन ने भी PSL के दौरान पेशावर जालमी के लिए कुछ मैच खेले थे, लेकिन बाद में IPL से जुड़ गए।
