जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क के मेयर के रूप में शपथ ली
जोहरान ममदानी का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण
अमेरिका के डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नेता जोहरान ममदानी ने गुरुवार सुबह न्यूयॉर्क शहर के 112वें मेयर के रूप में शपथ ली। ममदानी ने नवंबर 2025 में न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर के रूप में जीत हासिल की थी। नए साल के अवसर पर उन्होंने अपने पद की शपथ ली।
हालांकि, शपथ ग्रहण समारोह छोटा था, लेकिन शाम को एक सार्वजनिक समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह पहली बार है जब न्यूयॉर्क के मेयर ने कुरान पर हाथ रखकर शपथ ली है।
इसके साथ ही, ममदानी ने इस उच्च पद को संभालने वाले सबसे युवा मेयर बनने का रिकॉर्ड भी बनाया है। शपथ लेने के तुरंत बाद उन्होंने कहा, “यह सच में जीवन का सम्मान और सौभाग्य है।” ममदानी का भारत के साथ गहरा संबंध है।
नए साल की रात, ममदानी ने अपनी पत्नी, कलाकार रमा दुवाजी के साथ एक निजी समारोह में शपथ ली। इस दौरान उनके माता-पिता, फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर महमूद ममदानी भी उपस्थित थे।
अमेरिकी मीडिया के अनुसार, न्यूयॉर्क स्टेट अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने उन्हें शपथ दिलाई। ममदानी ने जेम्स को अपनी राजनीतिक प्रेरणा बताया। उन्होंने मैनहट्टन में सिटी हॉल पार्क के नीचे पुराने सिटी हॉल सबवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर शपथ ली।
जिस स्थान पर ममदानी ने शपथ ली, वह 1945 से बंद पड़ा हुआ था। यह स्थान, गाइडेड टूर को छोड़कर आम लोगों के लिए बंद रहता है। यह न्यूयॉर्क के 28 मूल सबवे स्टेशनों में से एक है, जो 1904 में खोला गया था।
ममदानी एक शिया मुस्लिम युगांडाई शिक्षाविद महमूद ममदानी और भारत की प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे हैं। महमूद ममदानी के पूर्वज भी भारतीय हैं, जबकि मीरा नायर एक हिंदू परिवार से आती हैं। उनकी कुछ प्रसिद्ध फिल्मों में 'सलाम बॉम्बे', 'मानसून वेडिंग', 'द नेमसेक', 'कामसूत्र-द टेल ऑफ लव' और 'मिसिसिपी मसाला' शामिल हैं।
ममदानी का जन्म 18 अक्टूबर, 1991 को युगांडा के कंपाला में हुआ था। उन्होंने युगांडा से दक्षिण अफ्रीका और फिर न्यूयॉर्क का सफर किया। अमेरिका में, उन्होंने 2014 में बॉडॉइन कॉलेज से अफ्रीकाना स्टडीज में डिग्री प्राप्त की। 2017 में, वे राजनीतिक और सामाजिक संगठन 'डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका' में शामिल हुए, जिससे उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत हुई।
