झारखंड में 13 वर्षीय बच्ची की हत्या: मां और दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
हजारीबाग में बच्ची की हत्या का मामला
हजारीबाग हत्या: झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के कुसुम्भा गांव में 24-25 मार्च की रात को 13 वर्षीय एक लड़की की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका की मां समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च की सुबह मिडिल स्कूल के पीछे बांस की झाड़ी में बच्ची का शव मिला। बच्ची मंगला जुलूस के दौरान लापता हो गई थी। प्रारंभिक जांच में मृतका की मां के आवेदन पर दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 26 मार्च को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ से पता चला कि मृतका की मां अपने बेटे की समस्याओं के समाधान के लिए गांव की एक महिला शांति देवी उर्फ भगतिनी के संपर्क में थी।
पुलिस के मुताबिक, भगतिनी ने अंधविश्वास के तहत समस्या के समाधान के लिए ‘कुंवारी लड़की की बलि’ देने का सुझाव दिया, जिस पर मां सहमत हो गई। इसके बाद, योजना के अनुसार, घटना की रात बच्ची को बहाने से बुलाकर बांसवाड़ी में ले जाया गया और उसकी हत्या कर दी गई।
इस वारदात में मां के साथ शांति देवी और भीम राम नामक व्यक्ति भी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद तंत्र-मंत्र के नाम पर शव के साथ अमानवीय कृत्य भी किया गया।
एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों—रेशमी देवी, शांति देवी उर्फ भगतिनी और भीम राम—को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
